उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी अल्टो कार, 4 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
चायखान-बेगानिया मार्ग पर बलिया गांव के पास एक मारुति अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोपहर करीब ढाई बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे मारुति अल्टो कार (UK 04 Z 5819) बलिया गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।
चार लोगों की गई जान
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बलिया गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), पुत्र नारायण सिंह बेलवाल
- जगदीश सिंह (35), पुत्र लक्ष्मण सिंह
- लछम सिंह (56), पुत्र प्रताप सिंह
- पान सिंह (50), पुत्र बिशन सिंह
दो घायल हायर सेंटर रेफर
हादसे में घायल दो लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लमगड़ा ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल हादसे की सटीक वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी या तेज रफ्तार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।