आज उत्तराखंड पहुंचेंगे राहुल गांधी, अल्मोड़ा से करेंगे चुनावी शंखनाद
अल्मोड़ा( उत्तराखंड पोस्ट) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड के अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली कांग्रेस की महत्वपूर्ण जनसभा ‘परिवर्तन का शंखनाद’ को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस इस रैली को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बड़े राजनीतिक संदेश और चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देख रही है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर अल्मोड़ा में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
सिमकनी मैदान में विशाल मंच तैयार कर लिया गया है और कार्यक्रम स्थल पर करीब पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। पूरा क्षेत्र कांग्रेस के झंडों, पोस्टरों और बैनरों से सजा हुआ है। पार्टी नेताओं का दावा है कि जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी।
कुमाऊं भर से पहुंच रहे कार्यकर्ता
कांग्रेस के अनुसार अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर समेत पूरे कुमाऊं मंडल से कार्यकर्ता और समर्थक जनसभा में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। पिछले कई दिनों से पार्टी नेताओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है। बुधवार से ही अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया था।
राहुल गांधी का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी सुबह 10 बजे दिल्ली से रवाना हुए। वह 10:40 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए 11:20 बजे अल्मोड़ा के आर्मी ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से सिमकनी स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद राहुल गांधी दोपहर 12:40 बजे पौड़ी के लिए रवाना होंगे, जहां उनका पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कांग्रेस के दिग्गज नेता अल्मोड़ा में मौजूद
रैली को सफल बनाने के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पिछले कई दिनों से अल्मोड़ा में डेरा डाले हुए हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।
निजी कार्यक्रमों की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा कोटद्वार में मोहम्मद दीपक के जिम जाने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि कांग्रेस ने इन कार्यक्रमों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
राहुल गांधी का रात्रि विश्राम मसूरी में प्रस्तावित है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार अल्मोड़ा की यह रैली उत्तराखंड की राजनीति में आगामी चुनावी माहौल को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण सभा साबित हो सकती है।