उत्तराखंड में बड़े हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़! छापेमारी के दौरान 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू
रामनगर/नैनीताल ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में कथित तौर पर संचालित किए जा रहे देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ढैला स्थित एकरोन रिसॉर्ट में देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में एक किशोर भी शामिल बताया गया है। वहीं, 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई। लंबे समय से रिसॉर्ट में कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस और एसओजी ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापेमारी की।
अलग-अलग कमरों से मिले संदिग्ध
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली, जहां कई संदिग्ध लोग मौजूद मिले। पुलिस ने मौके से कुल 52 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। वहीं, नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू की गई युवतियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
अवैध शराब और नकदी भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। मामले में होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिसॉर्ट मैनेजर फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।