चमोली में बादल फटने से मची तबाही, तमक वैली ब्रिज बहा, नीति घाटी का संपर्क टूटा

 

चमोली (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चमोली जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। जोशीमठ-नीति मार्ग पर तमक के पास बादल फटने से भारी तबाही की सूचना है।

 

 

बादल फटने के बाद तमक नाले में अचानक तेज उफान आ गया, जिसकी चपेट में आने से नीति घाटी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज बह गया। इसके चलते जोशीमठ-नीति मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

तमक में बादल फटने से भारी नुकसान

जानकारी के मुताबिक, तमक के पास बादल फटने के बाद पहाड़ी क्षेत्र से तेज बहाव के साथ पानी और मलबा नीचे आया। देखते ही देखते नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज धारा अपने साथ वैली ब्रिज को बहा ले गई। घटना के बाद नीति घाटी की ओर जाने वाला सड़क संपर्क बाधित हो गया है। तेज बहाव के चलते क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें स्थिति का जायजा लेने और राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं।

नीति घाटी की आवाजाही पर लगा ब्रेक

वैली ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद नीति घाटी की ओर जाने वाली आवाजाही फिलहाल बंद हो गई है। इससे सीमांत क्षेत्र में रहने वाले लोगों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से लोगों से प्रभावित क्षेत्र में जाने से बचने और हालात सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग सक्रिय हो गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा रहे हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे के बाद एक व्यक्ति के बहने की भी सूचना सामने आई है और उसकी तलाश की जा रही है। प्रशासन की टीमें मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए भी जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मानसून के दौरान पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रियों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।