उत्तराखंड- यहां छात्र-छात्रा के संदिग्ध मौत से मची सनसनी
चमोली(उत्तराखंड पोस्ट) चमोली विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में मंगलवार सुबह एक किशोर और किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। दोनों के शव गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में रामणी गांव निवासी करीब 17 वर्षीय कक्षा 12 का छात्र और करीब 16 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा शामिल हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके होने की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। वहीं, मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सूचना मिलने पर नंदानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।