उत्तराखंड- यहां खाई में गिरी हरियाणा के पर्यटकों की कार, 5 दोस्त घायल

 

 चंपावत( उत्तराखंड पोस्ट)  चंपावत जिले के चल्थी-कठौल मार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

 

 

हरियाणा से उत्तराखंड घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब तीन बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि चल्थी-कठौल मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक हरियाणा के सोनीपत निवासी हैं और मुनस्यारी घूमने आए थे। वापसी के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में घायल पांच युवकों में से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार चल रहा है।