हल्द्वानी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम धामी को बताया ‘धुरंधर धामी’
हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की जमकर सराहना करते हुए उन्हें ‘धुरंधर धामी’ बताया। उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और अब उनके कार्यकाल के पांच साल पूरे होने के बाद वे “छक्का मारने के लिए तैयार” हैं।
‘धुरंधर धामी’ के नेतृत्व में हो रहा धुआंधार काम
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि घुसपैठ करने वालों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की रफ्तार तेज हुई है और यही वजह है कि वे धामी को ‘धुरंधर धामी’ कहते हैं। रक्षा मंत्री ने इस दौरान राज्य में लागू किए गए यूसीसी (समान नागरिक संहिता) की भी सराहना की और इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों के लिए उठाए गए कदम
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि और तपोभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। देश की सीमाओं की रक्षा में यहां के जवान हमेशा आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों की चिंता करते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी है।
विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा उत्तराखंड
रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की मेहनत और समर्पण के कारण उत्तराखंड तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच राज्य में रेलवे परियोजनाओं पर लगभग 187 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि अब यह बढ़कर करीब साढ़े चार हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
नारी सशक्तिकरण की भी भूमि है उत्तराखंड
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड नारी सशक्तिकरण की भी भूमि है। यहां की बेटियों ने देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है और राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।
अगली बार भी बनेगी भाजपा की सरकार
अपने संबोधन के अंत में रक्षा मंत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड में अगली बार भी भाजपा की सरकार दो-तिहाई बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो वह ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है।
उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे नहीं चाहते कि घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार न मिले। इस मुद्दे पर विपक्ष के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं है