उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 3 की मौत, 5 गंभीर घायल
हरिद्वार( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
श्यामपुर थाना क्षेत्र में 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
हादसे में मृतकों की पहचान
- अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- फहीम (35) पुत्र अमानत
- एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी
हादसे में घायल
- सोहने लाल (25) पुत्र राम रईस, निवासी ग्राम रीठ मानसिंह, हरदोई
- शराफत (42) पुत्र सरमद, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- शबाना (35) पत्नी शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- अनु (18) पुत्र मेहंदी हसन, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- समीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर