उत्तराखंड-  होटल के कमरे में फौजी का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

 

 

 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  हरिद्वार जिले के रुड़की में रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित एक होटल के कमरे में एक फौजी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, मृतक ने 14 जून को होटल में 10 दिनों के लिए कमरा किराये पर लिया था। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वह होटल में ही रुका हुआ था। जब होटल कर्मचारियों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां फौजी का शव बेड पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान कमलदीप सिंह (40) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी जीआईसी गेट के सामने, गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कमलदीप सिंह की वर्तमान तैनाती कहां थी। इसके लिए रुड़की स्थित सेना पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।