उत्तराखंड में बड़ा हादसा-  पुल की रेलिंग तोड़ सोनाली नदी में गिरी कार, पांच घायल

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।

 

 

रुड़की-लक्सर मार्ग पर सोनाली नदी पुल पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार रुड़की की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन सोनाली नदी पुल पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और कार सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुल पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाली गई कार

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को ट्रैक्टर की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर यातायात को भी सुचारू कराया।

पुलिस जांच में जुटी

लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

ये लोग हुए घायल

  • रचना पत्नी जसवीर, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द
  • सोनी पत्नी अनिल, निवासी दाबकी महेश्वरी
  • कोमल पत्नी अमन, निवासी मारकपुर
  • श्रीकांत पुत्र सुरेश, निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़, सहारनपुर
  • अनिल पुत्र राजेंद्र, निवासी दाबकी महेश्वरी