PCS परीक्षा पास कर SDM बनी हरिद्वार की काजल सैनी,परिवार का नाम रोशन

 

रुड़की( उत्तराखंड पोस्ट) झबरेड़ा क्षेत्र के सड़ौली गांव की बेटी काजल सैनी ने एसडीएम (उप जिलाधिकारी) पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद गांव में खुशी का माहौल है और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

 

 

काजल सैनी एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता रामकुमार किसान हैं, जबकि माता राजदुलारी गृहिणी हैं। काजल ने 12वीं तक की पढ़ाई लंढौरा के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय से की। इसके बाद गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीएएमएस की डिग्री हासिल की।

 

काजल बताती हैं कि बचपन में गांव के शिक्षक अमरनाथ उन्हें एसडीएम पद और उसकी जिम्मेदारियों के बारे में बताया करते थे। तभी से उनके मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना आकार लेने लगा।

 

काजल ने बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) की पढ़ाई पूरी की, लेकिन उनका झुकाव हमेशा प्रशासनिक सेवाओं की ओर रहा। इसी कारण उन्होंने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। हालांकि सफलता का सफर आसान नहीं था। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वर्ष 2021 में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाओं में भी उन्हें निराशा हाथ लगी।

लगातार असफलताओं के बावजूद काजल ने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। अक्टूबर 2025 में उन्होंने असिस्टेंट रिव्यू ऑफिसर (ARO) परीक्षा उत्तीर्ण की और सचिवालय में अपनी सेवाएं देना शुरू किया। वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं।

काजल अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। उनका कहना है कि परिवार ने कभी भी उनकी शादी को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि उनकी शिक्षा और सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया। इसी समर्थन और विश्वास ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने की ताकत दी।

एसडीएम पद पर चयन की खबर सामने आते ही सड़ौली गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी भी काजल के आवास पहुंचे और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।