उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, शादी समारोह से लौटते समय खाई में गिरी कार, पति-पत्नी की मौत
पिथौरागढ़( उत्तराखंड पोस्ट) पिथौरागढ़ जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे दंपती की मौत हो गई।
हादसा घाट-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर चुपकोट बैंड के पास हुआ, जहां उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बजेटी निवासी योगेश कुमार (38), पुत्र स्व. जीवन राम, अपनी पत्नी निधि राज (26) के साथ (यूके 06 एज़ेड-8788) से पहले गंगोलीहाट गए थे। वहां से वे विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोहाघाट पहुंचे।
लोहाघाट से वापस पिथौरागढ़ लौटते समय शाम करीब 5:45 बजे घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर चुपकोट बैंड के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घाट चौकी इंचार्ज जितेंद्र सोराड़ी और राजस्व पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रात के अंधेरे और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। तहसीलदार विजय गोस्वामी ने हादसे में दंपती की मौत की पुष्टि की।
2021 में हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि योगेश कुमार और निधि राज की शादी वर्ष 2021 में हुई थी।, योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना (पिथौरागढ़) में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी निधि आर्या रानीखेत में सरकारी नौकरी कर रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।