Mallikarjun Kharge Haldwani Rally Live: खरगे की रैली से पहले हल्द्वानी में हंगामा, पुलिस भवन पहुंचे कांग्रेस नेता
Haldwani (Uttarakhand Post) कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे का यह पहला हल्द्वानी दौरा है। कांग्रेस ने इस रैली के जरिए उत्तराखंड में अपने विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत का संकेत दिया है। रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं कार्यक्रम से पहले वाहनों को रोके जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच विवाद भी देखने को मिला।
खरगे की रैली से पहले पुलिस भवन पहुंचे कांग्रेस नेता
मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा से करीब दो घंटे पहले हल्द्वानी में उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, करण मेहरा समेत कई नेता पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता के दबाव में रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोक रही है। इसको लेकर नेताओं ने वहां धरना भी दिया। करीब आधे घंटे तक स्थिति को लेकर हंगामा चलता रहा। बाद में एसपी जगदीश चंद्र के आश्वासन के बाद कांग्रेस नेता पुलिस भवन से वापस रैली स्थल रामलीला मैदान पहुंच गए।
वाहनों की चेकिंग को लेकर बढ़ा विवाद
रैली को देखते हुए पुलिस ने हल्द्वानी शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बेलबाबा क्षेत्र समेत शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस वाहनों और चालकों की जानकारी दर्ज करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दे रही है। इसी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को रोके जाने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना है कि रैली में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है।
रामलीला मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
खरगे की जनसभा को लेकर रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। मुख्य गेट से केवल मल्लिकार्जुन खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अन्य गेटों से मैदान में प्रवेश करेंगे। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में तीन राजपत्रित अधिकारियों के साथ चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है।
रैली स्थल पर धीरे-धीरे बढ़ रही भीड़
रामलीला मैदान में सुबह के समय शुरुआती भीड़ कम दिखाई दी। करीब 11 बजे तक मैदान में लगी कई कुर्सियां खाली थीं। हालांकि, पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि दोपहर बाद कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ेगी।बाद में रैली स्थल पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ने लगी और पंडाल की करीब 75 फीसदी सीटें भर गईं। कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर उत्साह नजर आया।
उत्तराखंड में चुनावी अभियान की शुरुआत
मल्लिकार्जुन खरगे का हल्द्वानी दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पार्टी के मुताबिक, इस रैली के जरिए उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभियान को गति दी जाएगी। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार शाम रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। कांग्रेस का दावा है कि हल्द्वानी की यह जनसभा केवल नैनीताल और ऊधमसिंह नगर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी के चुनावी अभियान को मजबूती देगी।
खरगे के लिए तैयार होगा पहाड़ी स्वाद का भोजन
हल्द्वानी पहुंचने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे के लिए स्थानीय और पारंपरिक स्वाद वाला भोजन तैयार किया जाएगा। विधायक सुमित हृदयेश के मुताबिक, सावन को देखते हुए उनके लिए दाल, रोटी, मिक्स वेज, पहाड़ी रायता, पनीर की सब्जी और चावल परोसे जाएंगे। उन्होंने बताया कि भोजन में उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद की झलक भी शामिल होगी।
प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर
खरगे की रैली को देखते हुए हल्द्वानी में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। शहर में डायवर्जन प्लान लागू किया गया है और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। वाहनों की चेकिंग के साथ ही रैली स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।