उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, महिला गंभीर घायल
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल जिले से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
हल्द्वानी-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालाढूंगी के गेबुआ क्षेत्र में डंपर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।
सुबह सात बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे 32 वर्षीय कमलेश आर्य अपनी बाइक से बसंती थापा के साथ कालाढूंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गेबुआ क्षेत्र में सामने से आ रहे एक डंपर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया गया
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल रामनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बसंती थापा का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें किसी की लापरवाही तो नहीं थी।