हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत
हल्द्वानी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है।
गौलापार क्षेत्र में निर्माणाधीन पानी की टंकी के अंदर दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 55 वर्षीय महिला और उनके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एक-दूसरे को बचाने में चली गई तीनों की जान
जानकारी के अनुसार, गौलापार के मानपुर पश्चिम गांव निवासी सरस्वती देवी ने अपने घर में पानी की टंकी का निर्माण कराया था। मंगलवार को उनका बड़ा बेटा टंकी के भीतर शटरिंग खोलने के लिए उतरा, लेकिन अंदर जाते ही बेहोश हो गया।
बेटे को बचाने के लिए सरस्वती देवी टंकी के अंदर गईं, लेकिन वह भी बेहोश हो गईं। इसके बाद दोनों को बचाने के लिए छोटा बेटा भी टंकी में उतरा, लेकिन वह भी दम घुटने से बेहोश हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तीनों को टंकी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस बनने के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बंद या निर्माणाधीन टैंक, कुएं या सीमित स्थान (Confined Space) में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें।