भीमताल झील में लापता होटलकर्मी का शव मिलने से मचा हड़कंप

 
 


भीमताल (उत्तराखंड पोस्ट) भीमताल तल्लीताल स्थित ठंडी सड़क किनारे भीमताल झील में सोमवार को लापता होटलकर्मी का शव तैरता दिखने से हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान घनश्याम (38) निवासी रवाईखाल बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घनश्याम भीमताल स्थित एक होटल में काम करता था। वह 4 मार्च को अचानक लापता हो गया था।

 

होटल स्टाफ ने घनश्याम के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन उसके बारे में कहीं कुछ पता नहीं चल सका। अब 8 दिन बाद उसका शव भीमताल झील में मिला है। थानाध्यक्ष जगदीप सिंह नेगी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है।