रामनगर जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, आठ लोग घायल
रामनगर (उत्तराखंड पोस्ट ब्यूरो) नागचूलाखाल से रामनगर की तरफ जा रही एक प्राइवेट बस मरचूला-मौलेखाल मोटर मार्ग पर झड़गांव के पास बोलेरो को पास देते समय सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए। बस में 19 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में भर्ती किया गया। तीन घायलों की गंभीर हालत देख उन्हें रामनगर के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक प्राइवेट बस यूके 07-पीए-0588 बृहस्पतिवार की सुबह नागचूलाखाल से रामनगर जा रही थी। तभी अचानक बोलेरो को पास देते वक्त मरचूला-मौलेखाल मोटर मार्ग पर झड़गांव के पास बस सड़क पर पलट गई ।यदि बस एक पलटी और लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पांच घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दिनेश रावत की हालत को देखते हुए उसे रामनगर के लिए रेफर कर दिया है। घायल नंद राम, सुरेंद्र सिंह को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार देकर वहीं से रामनगर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी भी काफी देर से घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचा दिया था। सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत चौधरी ने 108 और पुलिस, तहसील प्रशासन के अधिकारियों के देर से घटनास्थल पर पहुंचने पर नाराजगी जताई है।
(उत्तराखंडपोस्ट के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं, आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)