हल्द्वानी - स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, महिला मैनेजर समेत चार गिरफ्तार, छह युवतियां रेस्क्यू
हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापा मारकर महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।
नैनीताल रोड स्थित स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार शाम नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया क्षेत्र के गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल में संचालित एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान टीम को वहां संदिग्ध और आपत्तिजनक गतिविधियां मिलीं।
मौके से पुलिस ने दो एंट्री रजिस्टर, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर कब्जे में ले ली। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महिला मैनेजर सहित चार गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक स्थानीय व्यक्ति और दो ग्राहक भी शामिल बताए गए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
स्पा सेंटर संचालक फरार
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
छह युवतियों को किया गया रेस्क्यू
छापेमारी के दौरान मिली छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस ने उनकी काउंसलिंग कराई है और आगे की प्रक्रिया के तहत उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित स्पा सेंटर के खिलाफ पहले भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया, जिसमें कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस अब गिरफ्तार महिला और उसके सहयोगियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।