हल्द्वानी में बड़ा हादसा- अमेजन स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की जलकर मौत
हल्द्वानी( उत्तराखंड पोस्ट) रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में बने अमेजन स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अमेजन स्टोर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्टोर के समीप स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता को देखते हुए स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि तब तक आग पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। अग्निकांड में स्टोर के भीतर रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। वहीं चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र, जो मूल रूप से सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के रहने वाले थे, तथा पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय स्टोर बंद था, लेकिन कुछ कर्मचारी अंदर मौजूद थे।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर पहुंच गई थी, आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दो कर्मचारियों की जान नहीं बचाई जा सकी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।