नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा- पर्यटकों से भरा टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो महिलाओं की मौत, कई घायल
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर देर रात पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेम्पो ट्रैवलर में कुल 29 लोग सवार थे। सभी पर्यटक उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो नैनीताल घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि देर रात वाहन चालक ने किसी कारणवश वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टेम्पो ट्रैवलर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों मृतक महिलाओं के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, जबकि घायलों के उपचार पर लगातार नजर रखी जा रही है।