हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
हल्द्वानी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
लालकुआं क्षेत्र के सुभाषनगर स्थित पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा बीती देर रात हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर लालकुआं के सुभाषनगर स्थित पुरानी पुलिस चेक पोस्ट के पास हुआ। इस दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में दोनों स्कूटी सवार युवकों की जान चली गई।
लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय चेतन बिष्ट पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट, निवासी मानपुर पश्चिम, दौलतपुर, गौलापार तथा 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट पुत्र किशन सिंह, निवासी भवाली के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.