हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा-  चलती ऑटो से गिरकर ढाई साल की मासूम की मौत, मां घायल

 

 हल्द्वानी ( उत्तराखंड पोस्ट) हल्द्वानी से दुखद घटना की खबर मिली है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई।

 

 

बताया जा रहा है कि चलती ऑटो में महिला को अचानक चक्कर आने लगे, जिससे उसकी गोद में बैठी बच्ची सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

 

 

पुलिस के अनुसार रावतनगर बिंदूखत्ता लालकुआं निवासी सुमन बिष्ट पत्नी विक्रम बिष्ट की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी करीब छह साल की है, जबकि छोटी बेटी गौरी की उम्र महज ढाई साल थी। मंगलवार को सुमन घर से यह कहकर निकली थीं कि वह लालकुआं में लगे मेडिकल कैंप में दवा लेने जा रही हैं।

बताया गया कि सुमन अपनी ढाई साल की बेटी गौरी के साथ ऑटो में सवार होकर काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इसी दौरान ऑटो में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने लगे। बेहोशी छाने के बीच गोद में मौजूद बच्ची गौरी हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई। इसके तुरंत बाद सुमन भी नीचे गिर गईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्ची को तुरंत नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है। वहीं महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन बेटी की मौत के बाद वह गहरे सदमे में है।

पुलिस के मुताबिक मृतक बच्ची के पिता भारतीय सेवा में कार्यरत हैं और घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।