लॉकडाउन | दिल्ली में फंसे उत्तराखंड के लोगों को घर पहुंचाएगी त्रिवेंद्र सरकार, इस नंबर पर करें फोन
देहरादून/ नई दिल्ली (उत्तराखंड पोस्ट) कोरोना के खतरे को देखते हुए देश में 21 दिन का लॉकडाउन है। 14 अप्रेल को ये लॉकडाउन समाप्त होगा, ऐसे में लोगों के बिना वजह घर से बाहर निकलने पर पाबंदी है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोगों से इस दौरान घर पर रहने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि,14 अप्रैल 2020 तक कृपया घर से बाहर ना निकलें, घर पर ही रहें।
साथ ही त्रिवेंद्र सरकार ने लॉकडाउन के चलते दिल्ली में फंसे प्रदेश के लोगों को वापस घर पहुंचाने की कोशिश शुरु कर दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लॉकडाउन के चलते हमारे राज्य के कई युवा दिल्ली के गाजीपुर रैन बसेरे में या अन्यत्र जगहों पर फंसे हुए हैं, उन्हें घर पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। करीब 200 लोगों को कल उनके घर पहुंचाया गया है। इस स्थिति में प्रवासी उत्तराखंडियों की दिक्कतों को सुनने, सुलझाने व अन्य राज्यों से कॉर्डिनेट करने के लिए आलोक पांडे (फ़ोन न. 6398500571) को अधिकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कोरोना के खिलाफ हम सभी की जंग है इसे मिलकर लड़ना है। हो सकता है हमें कुछ कष्ट उठाना पड़े, लेकिन संकट की घड़ी में हमें धैर्य रखना चाहिए और सभी सरकारी दिशानिर्देशों व डॉक्टरों की सलाह का पालन करना चाहिए। जो भी युवा प्रदेश में आ रहे हैं उनकी मेडिकल जांच होगी और सभी सावधानियां बरतनी होगी।
Youtube – http://www.youtube.com/c/UttarakhandPost
Twitter– https://twitter.com/uttarakhandpost
Facebook Page– https://www.facebook.com/Uttrakhandpost