उत्तराखंड - बाइक सवार दंपति पर बाघ का हमला, पत्नी को जबड़े में दबोच जंगल की ओर घसीटा, पति की बहादुरी से बची जान

 

 रामनगर (उत्तराखंड पोस्ट) रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बुधवार को बाघ के हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।

 

 

मवेशियों के लिए घास लेने जा रहे बाइक सवार दंपति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जबकि पति की बहादुरी और सूझबूझ से उसकी जान बच गई। घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

चलती बाइक पर बाघ ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ आघे लाल पहाड़ी के पास ग्रासलैंड क्षेत्र में घास लेने जा रही थीं। दंपति बाइक से जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ ने बबली देवी को निशाना बनाया और उन्हें जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर घसीटने लगा।

पत्नी को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गया पति

पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख दर्शन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने शोर मचाते हुए बाघ का सामना किया। दर्शन सिंह के लगातार विरोध और शोर मचाने से बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि, इस हमले में बबली देवी के हाथ पर बाघ के दांतों के गहरे निशान आए हैं। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी की मदद से रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जंगल में 300 मीटर अंदर हुआ हमला, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि दंपति जंगल के करीब 300 मीटर अंदर गए थे। घटनास्थल से दरांती और महिला के कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बाघ के हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।