उत्तराखंड- यहां गिरा विशाल पेड़, एक व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर घायल
कोटद्वार (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के कोटद्वार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया।
नगर निगम क्षेत्र के जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान में एक विशाल पेड़ चाय के खोखे के ऊपर गिर गया। हादसे में पेड़ के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कुकरेती स्टील प्लांट के बाहर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान स्थित कुकरेती स्टील प्लांट के बाहर एक बड़ा पेड़ अचानक चाय के खोखे के ऊपर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय चाय की दुकान बंद थी। हालांकि, दुकान के पास खड़े दो लोग पेड़ की चपेट में आकर उसके नीचे दब गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी के मुताबिक, हादसे में विक्रम (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया गया है।