उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
पौड़ी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के देवप्रयाग से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हुआ है। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई से सभी पांच शवों को बाहर निकाल लिया गया है। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पौड़ी जा रहा था परिवार, कुंडाधार के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास हुआ। बोलेरो में कुल छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि परिवार हरिद्वार के लक्सर से पौड़ी जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार हरिद्वार के जीतपुर रायपुर क्षेत्र का रहने वाला था। इसी दौरान कुंडाधार के पास बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल बच्चे की पहचान अरमान के रूप में हुई है। मृतकों में पति-पत्नी के अलावा दो बच्चे और बोलेरो चालक शामिल हैं।
घायल बच्चे अरमान का किया गया रेस्क्यू
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।रेस्क्यू टीम ने घायल बच्चे अरमान को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल भेजा गया। वहीं, रेस्क्यू टीम ने खाई से सभी पांच शवों को भी बाहर निकाल लिया है।
मृतकों की पहचान
- अफजाल इमाम (49 वर्ष)
- शब्बो (40 वर्ष), पत्नी
- शादाब (14 वर्ष), बेटा
- अनाविया (3 वर्ष), बेटी
- आमिर, बोलेरो चालक
फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।