उत्तराखंड- अनियंत्रित होकर खाई में गिरी ईको वैन, एक की मौत, दो घायल
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
जड़ाऊखांद के पास अदालीखाल से धुमाकोट की ओर आ रही मारुति ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
जड़ाऊखांद के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी वैन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 26 अक्टूबर की देर शाम धुमाकोट तहसील मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर जड़ाऊखांद के पास हुआ। मारुति ईको वैन अदालीखाल से धुमाकोट की ओर जा रही थी। इसी दौरान जड़ाऊखांद से करीब 400 मीटर पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वैन सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धुमाकोट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), धुमाकोट पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान हीरा सिंह की मौत, चालक समेत दो घायल
हादसे में घायल हीरा सिंह (43 वर्ष), पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम देवलाड, धुमाकोट को अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू (38 वर्ष), पुत्र पान सिंह रावत, और पंकज (19 वर्ष), पुत्र महिपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम देवलाड, धुमाकोट, घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में उपचार कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नैनीडांडा भेजा जा रहा है। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।