उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा-  खाई में गिरी कमांडर जीप, एक युवक की मौत, तीन घायल

 

पिथौरागढ़ ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भीषण सड़क हादसा हुआ है।  झूलाघाट मार्ग पर मूनाकोट वड्डा से लगभग 12 किलोमीटर आगे बूरा गांव के समीप एक कमांडर जीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

 

 

हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

 

 

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब 04:35 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मुख्य आरक्षी प्रवेश नगरकोटी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बताया जा रहा है कि वाहन में चार स्थानीय लोग सवार थे, जो एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और तीन घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

हादसे में मृतक की पहचान लक्की भंडारी (22), निवासी कोटभाल्डे के रूप में हुई है। वहीं घायलों में जगदीश बिष्ट (40) निवासी बासौद मैनन, मोहन बिष्ट (40) निवासी बासौद और सचिन चंद (22) निवासी मुनकोट शामिल हैं। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।