उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा- अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, तीन युवकों की मौत

 

 ,देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

 

 

बंगापानी–मदकोट मार्ग पर एन-बैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक इनोवा कार से मदकोट होते हुए मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। बंगापानी से करीब एक किलोमीटर पहले एन-बैंड के पास कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर दो युवकों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह नेगी पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली (मुनस्यारी) व हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़, तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे, निवासी दौला पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़, को पहले स्थानीय वाहनों से और बाद में 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी (Army Medical Corps) में तैनात थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।