उत्तराखंड | बहन के सामने ही गुलदार ने 10 वर्षीय भाई को बनाया निवाला,घर में मचा कोहराम

 

पिथौरागढ़ (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में गुलदार का आंतक कम होने का नाम नही ले रहा है। पिथौरागढ़ जिले में गुलदार ने एक 10 वर्षीय बालक को अपना निवाला बना लिया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय के लगभग 10 किमी दूर पाली ग्राम पंचायत के ललतरानी गांव में गुलदार ने एक 10 वर्षीय बालक को अपना निवाला बना लिया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को 10 वर्षीय गणेश कुमार उर्फ गोकुल पुत्र अर्जुन राम अपनी 13 वर्षीय बहन के साथ घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर जोग्युड़ा स्थित दुकान से सामान खरीदने गया था। दोनों भाई बहन दुकान से सामान खरीद कर जब घर को लौट रहे थे इसी बीच दुकान से 100 मीटर नीचे झाडिय़ों में छिपे गुलदार ने गोकुल पर हमला किया और उसे मौके पर ही मार कर उसका मांस खाने लगा।

यह सब देख कर मृतक की तेरह वर्षीय बहन चिल्लाते हुए भागी। उसके चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गुलदार गोकुल के शव को छोड़ कर भाग गया। ग्रामीणों को गोकुल का शव घटनास्थल के कुछ मीटर दूर मिला। घटना की सूचना वन विभाग, पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय से वन रेंजर मनोज सनवाल, थानाध्यक्ष दिनेश बल्लभ और पटवारी विजय पंत अपनी टीम के साथ मौके को रवाना हुए।

 

बताया जा रहा है कि गोकुल घर का एकलौता चिराग है। गोकुल के पिता अर्जुन राम मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते है। घटना के बाद उसके घर पर कोहराम मचा है। उसकी मां बेहोश है। घटना के बाद गांव में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकडऩे के लिए पिंजरा लगाने और शिकारी तैनात कर गुलदार को मारने की मांग की है।