उत्तराखंड- यहां होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, एक महिला समेत तीन गिरफ्तार
हरिद्वार (उत्तराखंड पोस्ट) हरिद्वार जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में कथित देह व्यापार के अवैध धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, होटल से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली थी कि सिडकुल क्षेत्र के एक होटल में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में एएचटीयू और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को मौके पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली, जिसके बाद एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो पीड़ित महिलाओं को कराया गया मुक्त
पुलिस ने होटल में मौजूद दो पीड़ित महिलाओं को भी सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इन महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। दोनों महिलाओं को सुरक्षा में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस उनके बयान दर्ज करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें किन परिस्थितियों में इस अवैध गतिविधि में शामिल किया गया था।
होटल में कब से चल रहा था अवैध कारोबार, जांच जारी
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला ने बताया कि देह व्यापार की सूचना पर संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो पीड़ित महिलाओं को बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि होटल में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।