उत्तराखंड- यहां डबल मर्डर से सनसनी, प्रेम-प्रसंग के शक में पड़ोसी युवक की हत्या, फिर बहन को मारी गोली

 

 

रुड़की (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के रुड़की में प्रेम-प्रसंग के शक को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

 

 

झबरेड़ी कला गांव में एक युवक ने पहले पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने अपने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। दोनों की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

पहले पड़ोसी युवक को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, झबरेड़ी कला गांव निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना और सूरज से प्रेम-प्रसंग को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब एक साल पहले भी विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था।

शनिवार सुबह इसी पुरानी रंजिश और प्रेम-प्रसंग के शक को लेकर विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोप है कि अमन तमंचा लेकर पड़ोस में रहने वाले मुन्ना के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी ।गोली लगने के बाद मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घर पहुंचकर बहन को भी मारी गोली

पड़ोसी युवक को गोली मारने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, यहां उसने अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक के बाद एक दो हत्याओं से गांव में दहशत

एक ही घटना के दौरान दो लोगों की मौत की सूचना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक आरोपी अमन की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल तमंचे के बारे में भी जानकारी जुटा रही है कि वह आरोपी के पास कहां से आया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।