उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा- खाई में गिरी पिकअप, 8 की मौत, 2 गंभीर घायल
टिहरी ( उत्तराखंड पोस्ट) टिहरी गढ़वाल से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
चंबा-कोटी कॉलोनी मोटरमार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। सभी लोग ऋषिकेश से अपने एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घनसाली लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुवार दोपहर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा गिरा।
मौके पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर दो घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में शामिल था मृतक का बेटा
टिहरी पुलिस के मुताबिक जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार से सभी लौट रहे थे, मृतकों में उसका बेटा भी शामिल है, जिससे हादसा और भी दर्दनाक हो गया है।
घायलों की पहचान
- उत्तम (30), पुत्र पुस्सू, निवासी लोस्तु बड़ियारगढ़, टिहरी
- अंकित (22), पुत्र आशा लाल, निवासी नेलचामी, टिहरी
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। साथ ही जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।