उत्तराखंड- अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी बस, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
टिहरी ( उत्तराखंड पोस्ट)ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे (NH 34)पर शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
डाबरी गांव के पास एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस चालक, परिचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या यूके14 पीए 9953 शुक्रवार शाम करीब 3:40 बजे उत्तरकाशी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। जैसे ही बस ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर काण्डीखाल क्षेत्र के डाबरी के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा पलटी।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया । घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चौकी प्रभारी काण्डीखाल राजेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चालक, परिचालक सहित एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।