उत्तराखंड में होगा सचिवालय से लेकर जिलों तक बड़ा फेरबदल, बदले जाएंगे कई डीएम और कप्तान!
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सबको चौंकाते हुए मुख्य सचिव पद पर तैनात ओमप्रकाश को हटा दिया था। उनकी जगह 1988 बैच के उत्तराखंड कैडर के आईएएस अधिकारी डॉ. सुखबीर सिंह संधू प्रदेश के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। संधू प्रदेश के 17वें मुख्य सचिव के तौर पर कार्यभार संभाल रहे हैं।
वहीं अब मुख्यमंत्री ने आईपीएस अधिकारी अभिनव कुमार को अपना अपर प्रमुख सचिव बनाया है। आपको बता दें कि अलग राज्य गठन के बाद पहली बार कोई अपर प्रमुख सचिव पद बनाया गया है। अभिनव कुमार इससे पहले अपर पुलिस महानिदेशक पद पर आसीन थे और काफी तेज तर्रार अफसर माने जाते हैं।
बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
वहीं मुख्य सचिव ओम प्रकाश को बदलने के बाद अब प्रदेश की नौकरशाही में भी बड़ा फेरबदल होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इसके संकेत दिए हैं। जल्द ही सचिवालय से लेकर जिलों में नौकरशाही में बड़ा फेरबदल होने की उम्मीद है। कई जिलों के डीएम और कप्तान भी बदले जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक सरकार पहले सचिवालय में तैनात कुछ प्रमुख अफसरों के विभागों में बदलाव करेगी और उसके बाद जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान बदले जाएंगे।