उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरा वाहन, चालक समेत 8 की मौत
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
शनिवार को रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी गांव के पास एक ईको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में छह महिलाओं और वाहन चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
योजना का फॉर्म भरकर घर लौट रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सरकारी योजना के तहत आवेदन फॉर्म भरने गई थीं। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय कलवाड़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे।
ग्रामीणों और बचाव दल ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की सूची
-
शांति देवी, पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी भंगलवाण।
-
रेखा देवी (42), पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगलवाण।
-
सुमित्रा देवी (50), पत्नी रमेश सिंह, निवासी भंगलवाण।
-
सुनीता देवी (45), पत्नी मदन सिंह, निवासी भंगलवाण।
-
धनेश्वरी देवी (46), पत्नी किशन चंद, निवासी भंगलवाण।
-
सरोजनी देवी (28), पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगलवाण
-
रजनी देवी ( 25) निवासी भंगलवाड़
-
अनिल देवराड़ा (45), पुत्र जया नंद देवराड़ा, निवासी भंगलवाण (वाहन चालक)।
घायलों की अब तक प्राप्त सूची
-
शशी देवी (35), पत्नी गजेंद्र सिंह।
-
शकुंतला देवी (45), पत्नी महेंद्र सिंह।
-
जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह।
-
सत्यवती देवी (36), पत्नी जगदीश।
सभी घायल भंगलवाण गांव के निवासी बताए गए हैं। एक ही गांव के सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक दुर्घटना से समूचा रिखणीखाल क्षेत्र शोक में डूब गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।