उत्तराखंड- अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा ट्रक, दो लोगों की मौत
रुद्रप्रयाग ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में तरसाली-फाटा मार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जिला पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
गहरी खाई में उतरकर किया गया रेस्क्यू
एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में गहरी खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तक पहुंच बनाई। ट्रक के भीतर दो व्यक्ति अचेत अवस्था में मिले। रेस्क्यू टीम ने दोनों को हार्ड बोर्ड की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान संजय राणा (45 वर्ष) और मोहन (36 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के खाई में गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।