उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा , बाइकों की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत
हरिद्वार ( उत्तराखंड पोस्ट) पथरी थाना क्षेत्र के डांडी चौक पर सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पुलिस की चेतक बाइक पर तैनात एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल कांस्टेबल का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार (35) निवासी फेरुपुर, थाना पथरी, अपनी मोटरसाइकिल से डांडी चौकी की ओर जा रहे थे। वहीं अजय (22) निवासी हौजखेड़ी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), भी अपनी बाइक से उसी मार्ग पर आ रहा था। इसी दौरान पुलिस चेतक बाइक पर सवार कांस्टेबल सुशील कुमार भी डांडी चौक से गुजर रहे थे। चौराहे पर पहुंचते ही तीनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने राहगीरों की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मनोज कुमार और अजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि कांस्टेबल सुशील कुमार के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तीन बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बाइकों की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत, चेतक पर तैनात कांस्टेबल गंभीर घायल