उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, टेंपो ट्रैवलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के दौरान बाइक सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नसीरपुर कलां झबीरण निवासी अनुज (25) और आशीष (20) बाइक से फेरुपुर की ओर जा रहे थे। धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच पेट्रोल पंप के पास दोनों युवक आगे चल रहे एक चौपहिया वाहन को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि दोनों युवक मजदूरी करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।