उत्तराखंड | घर लौट रहे बैंक मैनेजर को बदमाशों ने मारी गोली, मचा हड़कंप

ऊधमसिंह नगर जिले में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद है। बाजपुर में मंगलवार की शाम को घर लौट रहे बैंक मैनेजर को बदमाशों ने गोली मार दी । गंभीर हालत में बैंक मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
 

बाजपुर (उत्तराखंड पोस्ट) ऊधमसिंह नगर जिले में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद है। बाजपुर में मंगलवार की शाम को घर लौट रहे बैंक मैनेजर को बदमाशों ने गोली मार दी । गंभीर हालत में बैंक मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

मूलरूप से संभल, उत्तर प्रदेश और हाल मोहल्ला पहाड़ी कालोनी बाजपुर निवासी विवेक यादव पुत्र महेश यादव नैनीताल बैंक की बरहैनी शाखा में प्रबंधक हैं। मंगलवार शाम के समय बैंक बंद करने के बाद वह अपनी कार से वापस अपने घर के लिए लौट रहे थे ।

 

 इसी बीच नैनीताल-बाजपुर मुख्यमार्ग पर ग्राम पंचायत दियोहरी के समीप बाइक सवारों ने विवेक यादव की कार पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। जिसमें एक गोली कार की डिग्गी व सीट को चीरते हुए सीधे विवेक को लगी। इससे वह कार से नियंत्रण खो बैठे और वह सड़क किनारे टकराकर रुक गई। इसके बाद हमलावर भी वहां से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल शाखा प्रबंधक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

 

सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि हमलावरों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं हो सकी है। घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ कर मामले का खुलासा किया जाएगा.