उत्तराखंड |  गुलदार को पकड़ने के लिए लगाया था पिंजरा, फंस गया मगरमच्छ

 
 

नानकमत्ता (उत्तराखंड पोस्ट )  उधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में वन विभाग द्वारा गुलदार को पकड़ने के लिए लगाये गये पिंजरे में मगरमच्छ फंस गया।इससे इलाके में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार 26 सितम्बर को बिडौरा गांव में 4 वर्षीय लवजीत सिंह को गुलदार उठा ले गया था। जिसका शव जंगल से बरामद हुआ था। इससे इलाके में दहशत फैल गई थी। तब से ग्रामीण गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग के प्रति आक्रोशित थे। गांव वालों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की थी।

 

जिसके बाद वन विभाग ने ग्राम बिडौरा में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाये थे। लेकिन हड़कंप तब मचा जब पिंजरे में गुलदार नहीं बल्कि बीती रात खकरा नदी से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ पिंजरे में कैद हो गया।

मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई. सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पिंजरे से बाहर निकाल कर नदी में छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए सर्च अभियान जारी है।