Uttarakhand News: CM धामी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना, विपक्ष को बताया सनातन विरोधी
रुद्रपुर(उत्तराखंड पोस्ट)उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में आयोजित बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने विपक्ष पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने, देश में भ्रम फैलाने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष की स्थिति ऐसी हो गई है कि '900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली'। जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा है।
कांग्रेस की दिल्ली रैली पर भी उठाए सवाल
सीएम धामी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रैली दीपावली के बाद भी आयोजित की जा सकती थी, लेकिन व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज किया गया। उनके मुताबिक, रैली के कारण बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो जनता के लिए खतरनाक साबित होती है और सत्ता से बाहर होने पर देश के लिए खतरा बन जाती है।
राहुल गांधी पर सेना और अजीत डोभाल को लेकर हमला
मुख्यमंत्री धामी ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना के शौर्य पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों का अपमान है।
सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई का सबूत मांगते हैं तो कभी देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपने नेताओं के बयानों का विरोध करने की भी बात कही।
खटीमा और रामपुर तिराहा कांड को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे। वहीं, रामपुर तिराहा कांड में आंदोलनकारियों के साथ हुई घटनाओं ने मानवता को शर्मसार किया था।
सीएम धामी ने इन घटनाओं के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इन घटनाओं के जख्म आज भी ताजा हैं। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया।
इसके अलावा उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे जिहादी और उन्मादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं।
बोले- कांग्रेस को न्याय नहीं, प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा नहीं, बल्कि अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी विपक्ष के बयानों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध करना और भ्रम फैलाना रह गया है।
राहुल गांधी की 'मोहब्बत की दुकान' पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।
उत्तराखंड में विकास कार्यों का किया जिक्र
जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बीजेपी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है और प्रदेश में बीजेपी सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
सीएम धामी ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके साथ ही प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं भी दूर हुई हैं।
उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी पार्टी को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका, हुआ हंगामा
जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई, जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोक दिया और उसे वहां से बाहर कर दिया।
इस घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी समस्या सुनने का प्रयास किया।
गांधी पार्क से निकली बीजेपी की पदयात्रा
जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।
पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया।