उत्तराखंड -  पीएसी कांस्टेबल की करंट लगने से मौत,परिवार में मचा कोहराम

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  रुद्रपुर में पीएसी के जवान की बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई।

 

 

घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर फैल गई.

मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत, पुत्र लाल सिंह रावत, के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 बैच के जवान थे और 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ बगवाड़ा स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को शाम को वह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर पहुंचे। घर में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वह तकनीकी खराबी दूर करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया, जिससे वह नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

धर्मेंद्र सिंह रावत अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

धर्मेंद्र सिंह रावत के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।