सिक्किम में एवलॉन्च की चपेट में आने से उत्तराखंड का जवान शहीद,परिवार में मचा कोहराम
पिथौरागढ़ ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के लिए एक दुखद खबर सामने आई है।
पिथौरागढ़ जिले के सुकौली निवासी कुमाऊं रेजीमेंट के लांसनायक विकास कुमार ड्यूटी के दौरान एवलांच की चपेट में आकर शहीद हो गए। उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लांसनायक विकास कुमार 19 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात थे और वर्तमान में सिक्किम में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक आए एवलांच की चपेट में आने से वे वीरगति को प्राप्त हो गए।
बीते 29 मार्च को विकास सिक्किम सीमा क्षेत्र में अपने दो अन्य साथियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान तीनाें जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गये
दो अन्य जवान सुरक्षित बच गये, जबकि विकास कुमार का निधन हो गया। 27 वर्षीय विकास वर्ष 2017 में भारतीय सेना में तैनात हुए थे। वे अपने पीछे पत्नी प्रीति, आठ माह के बच्चे, पिता गणेश राम और माता मंजू देवी को रोता बिलखता छोड़ गये हैं।