उत्तराखंड मौसम: आज 9 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

 

 

इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की चेतावनी दी गई है।

इन 9 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट है। इन जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा चमोली, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रह सकता है।

पूरे प्रदेश में आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने केवल येलो अलर्ट वाले जिलों तक ही चेतावनी सीमित नहीं रखी है। प्रदेश के सभी जनपदों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।बारिश के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों, पेड़ों और जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।

बारिश के बीच सड़क और यात्रा को लेकर रहें सतर्क

पर्वतीय जिलों में बारिश के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जारी स्थानीय चेतावनियों का पालन करना जरूरी है। अचानक तेज बारिश की स्थिति में नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से भी बचना चाहिए।