भूस्खलन के चलते नरेन्द्रनगर के पास चार दिन से बंद है गंगोत्री हाईवे
भूस्खलन के चलते गंगोत्री हाईवे बंद होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे नरेंद्रनगर के पास चार दिन से बंद है। जबकि उत्तरकाशी से आगे गंगोत्री हाईवे कई जगह चट्टाने खिसकने से बंद पड़ा है। नरेन्द्रनगर के कुम्हारखेड़ा में भूस्खलन से बंद गंगोत्री हाईवे को खोलने में बीआरओ और लोनिवि की जेसीबी मशीनें लगी हुई है। सड़क का 200 मीटर हिस्सा मलबे से पटा हुआ है, इस कारण हाईवे को खोलने में समय लग रहा है। हाईवे बंद होने से ऋषिकेश से आने वाले कुछ वाहन देवप्रयाग-जाखणीधार-टिहरी होते हुए तो कुछ देहरादून से मसूरी-आराकोट होते हुए चंबा पहुंच रहे हैं। यहां से दोगुनी दूरी तय करनी पड़ रही है। बुधवार को डीएम इंदुधर बौड़ाई ने नरेन्द्रनगर पहुंचकर बीआरओ और लोनिवि को जल्द यातायात बहाल करवाने के निर्देश दिए।
बीआरओ के लेफ्टिनेंट कर्नल एस बनर्जी ने बताया कि शाम को बारिश शुरू होने से हाईवे खोलने का काम प्रभावित हो रहा है। उत्तरकाशी से आगे भी हाईवे बंद होने से गंगोत्री आने-जाने के लिए यातायात बाधित हो रखा है। हाईवे को खोलने का काम भी किया जा रहा है, लेकिन लगातार भूस्खलन की वजह से रास्ता नहीं खुल पा रहा है।
वहीं जोशीमठ से पहले गुलाबकोठी में भारी भरकम चट्टान गिरने से बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया है। बुधवार दोपहर के वक्त यहां हाईवे पर बड़ी चट्टान गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि सीमा सड़क संगठन हाईवे खोलने में जुटा है। शुक्रवार तक हाईवे यातायात चालू होने की उम्मीद है।