उत्तराखंड - भतीजे ने कुल्हाड़ी से चाचा पर किया हमला, मौके पर मौत, आरोपी फरार
उत्तरकाशी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तरकाशी जिले के मोरी प्रखंड की फतेपर्वत पट्टी के बरी गांव में सोमवार सुबह कहासुनी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बरी गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी की सोमवार सुबह अपने भतीजे सुमन चंद्र उर्फ सुबेन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सुमन चंद्र ने चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में करम चंद की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोरी थाने के थानाध्यक्ष दीपक रावत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर मोरी थाने के थानाध्यक्ष दीपक रावत टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच और आरोपी की तलाश की जा रही है।