उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
23 अक्टूबर को इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। वहीं, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
24 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
शनिवार 24 अक्टूबर को मौसम का प्रभाव कुछ और जिलों तक फैल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और बादल गरजने की भी आशंका है। 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
25 अक्टूबर को भी जारी रहेगा बारिश और बर्फबारी का दौर
रविवार 25 अक्टूबर को भी प्रदेश के पांच जिलों में मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
26 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना
सोमवार 26 अक्टूबर को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि प्रदेश के शेष आठ जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।