“प्रधानमंत्री मोदी जी, कब मिलेंगे मेरे 15 लाख रूपए ?”

  1. Home
  2. Country

“प्रधानमंत्री मोदी जी, कब मिलेंगे मेरे 15 लाख रूपए ?”

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। राज्य में दोबारा सरकार बनाने


उत्तराखंड विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं।

राज्य में दोबारा सरकार बनाने का सपना देख रही कांग्रेस ने मोदी सरकार के बहाने भाजपा को घेरने की तैयारी शुरु कर दी है। कांग्रेस ने प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक और ट्विटर पर मोदी सरकार के चुनाव से पहले के वादे पूरे ना होने को लेकर अभियान शुरु किया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी का एक कार्टून बनाया है, जिसके साथ अपनी तस्वीर खिंचाकर कांग्रेस कार्यकर्ता इसे सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं।

इसके जरिए कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी को काले धन वापस लाने के किए उनके वादे पर घेर रहे हैं। साथ ही पीएम मोदी से सवाल पूछ रहे हैं, “मोदी जी, कब मिलेंगे मेरे 15 लाख रूपए ?”

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता से अच्छे दिन लाने, काला धन वापस लाकर हर नागरिक के खाते में 15 लाख रूपये जमा कराने और  भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने जैसे तमाम वादे किए थे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हिन्दुस्तान के मतदाता ने नरेंद्र मोदी और उनके साथियों के इन लोक लुभावने वायदो के झांसे में आकर देशभर में भाजपा के सांसदों को भारी बहुमत से जिताते हुए केन्द्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार को सत्ता सौंपी। लेकिन सरकार के दो साल के कार्यकाल के बाद जब हम समीक्षा करते हैं तो देखते हैं कि- अच्छे दिन केवल मोदी जी और उनके दो मित्रों अदानी और अम्बानी के आये। कालाधन वापस लाने का मुददा गौण हो गया तथा आम आदमी अपने खाते में 15 लाख आने का इन्तजार कर रहा है।

बिष्ट ने कहा कि पीएम मोदी के चुनाव से पहले किए वादों उनको याद दिलाने के लिए आम आदमी के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से एक नये संघर्ष की शुरूआत कांग्रेस ने देवभूमि उत्तराखण्ड से की है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी एक प्रदर्शनी का आयोजन कर मोदी सरकार के अच्छे दिनों का जनाजा भी निकालेगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे