बर्फ की सफेद चादर में लिपटा बाबा केदार का धाम, खूबसूरत नजारे देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु

  1. Home
  2. Char Dham Yatra

बर्फ की सफेद चादर में लिपटा बाबा केदार का धाम, खूबसूरत नजारे देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु

बर्फ से ढका बाबा केदार का दरबार


रुद्रप्रयाग(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार को धाम में लगातार बर्फबारी होने से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों के बीच बाबा केदार का धाम बेहद मनमोहक नजर आ रहा है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।

केदारनाथ धाम में शुक्रवार को भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। चारों ओर बर्फ की सफेद चादर और बीच में स्थित बाबा केदार का मंदिर श्रद्धालुओं और यात्रियों को आकर्षित कर रहा है। बर्फबारी के बीच धाम पहुंच रहे श्रद्धालु यहां के खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।

खराब मौसम के बीच प्रशासन अलर्ट

धाम में लगातार गिरते तापमान और बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें अलर्ट हैं। यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।

निचले इलाकों में भी बदला मौसम

केदारनाथ धाम के साथ ही रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। शुक्रवार सुबह से जिला मुख्यालय सहित गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से घिरा रहा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

केदारनाथ में 18.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मौसम की चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। 29 अक्तूबर को कुल 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में धाम पहुंचकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।

बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम का अलौकिक नजारा और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर देखने को मिल रही है। कड़ाके की ठंड और खराब मौसम भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर पा रहे हैं।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे